फोटो 21 मेडिकल कॉलेज में भर्ती गोली लगने से घायल सब्जी विक्रेता। संवाद
- फोटो : meeran sahib news
करहल। नवीन मंडी से शुक्रवार सुबह बिक्री के लिए सब्जी खरीदने आए विक्रेता को बाइक पर आए हमलावर ने गोली मार दी, दिनदहाड़े हुई घटना से अफरातफरी मच गई, घटनास्थल पर लोग एकत्रित हो गए। इस बीच हमलावर भाग चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया, समाचार लिखे जाने तक पुलिस को घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली थी।थाना क्षेत्र के गांव एमनपुर निवासी दशरथ सिंह कस्बा करहल में सब्जी की दुकान किए हुए हैं। शुक्रवार की सुबह वह किरथुआ मंडी से थोक में सब्जी खरीदने के लिए गए थे। सुबह करीब 10 बजे सब्जी खरीद कर जब वह मोपेड से दुकान की ओर जा रहे थे। तभी किसी का फोन आ गया, वह रुक गए। इसी बीच एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवक उनके पास आकर रुके, किसान जब तक कुछ समझ पाते बाइक पर सवार एक हमलावर ने तमंचा से उन पर फायर कर दिया। गोली दशरथ के पैर में लगी और वह मोपेड से नीचे गिर गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अफरा-तफरी के बीच लोग मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी मौके पर पहुंचे, घायल को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया।
पुलिस ने पीड़ित से हमलावरों के बारे में जानकारी ली। मगर, किसान का कहना था कि वह हमलावरों को नहीं जानते। उनकी किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। गोली मारने वाले युवक ने उनसे कहा कि तुम्हें गोली मार देंगे, उन्होंने कहा कि क्यों गोली मारोगे। इतना कहते ही गोली चला दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं मिली थी।
-
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
सब्जी विक्रेता को दिनदहाड़े गोली मारने की घटना के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई। घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। हालांकि अभी तक हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस कारणों की जांच करने की बात कह रही है।