भोगांव। नगर के मोहल्ला प्रेम चिरैया स्थित हाजी अब्दुल गनी जाने वाली सड़क से नगला मानसिंह रोड तक आरसीसी सड़क निर्माण के लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। सड़क निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा इससे लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष नेहा तिवारी ने बताया कि इस सड़क के निर्माण से नगला मानसिंह आने-जाने वाले लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही विद्यालय जाने वाले छात्रों और आसपास के मोहल्लों के लोगों को भी काफी लाभ होगा। उन्होंने बताया कि बरसात के समय इस मार्ग पर जलभराव की गंभीर समस्या रहती थी, जिससे गंदगी फैलती थी और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क बनने से इन समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। उन्होंने बताया कि नगर को सुंदर और विकसित बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
रियाज हुसैन, नजर हुसैन, अथर हुसैन, शोइब, फरमान, सुवेदार सिंह, कमल प्रताप सिंह, आनंद कुमार आदि ने खुशी जताते हुए कहा कि इस सड़क के बनने से वर्षों पुरानी समस्या खत्म होगी और आने-जाने में सुविधा होगी।