फोटो 20- शहर के आश्रम रोड स्थित मंदिर में वट वृक्ष की पूजा करतीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : Samvad
मैनपुरी। जनपद भर में वट सावित्री व्रत का पर्व शनिवार को श्रद्धाभाव से मनाया गया। सुहागिनों ने सोलह श्रृंगार करके वट वृक्ष के नीचे पूजन किया और व्रत रखकर पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में व्रत के लिए महिलाएं उत्साहित नजर आईं।
सुबह से ही महिलाएं घरों में वट सावित्री व्रत और पूजन की तैयारियों में जुटी रहीं। इसके बाद सुहागिन महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर अलग-अलग स्थानों पर मंदिर, आश्रम आदि स्थानों पर पहुंचकर भक्तिभाव से वट वृक्ष का पूजन किया। महिलाओं ने पेड़ के चाराें को ओर कच्चा सूत बांधकर परिक्रमा की और अखंड सौभाग्य की कामना की।
पहली बार व्रत रखने वाली नवविवाहिताओं में व्रत के लिए विशेष उत्साह दिखाई दिया। सुबह ही महिलाएं अपने घरों के पास स्थित वट वृक्ष के नीचे पहुंची और विधिवत तरीके से पूजन किया और वट सावित्री व्रत की कथा सुनी। महिलाओं ने पति की दीर्घायु की कामना करते हुए दांपत्य जीवन की खुशहाली की कामना की।