दन्नाहार। पट्टे की जमीन की पैमाइश कराने के नाम पर 15 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले लेखपाल को एंटी करप्शन कोर्ट आगरा से जेल भेजा गया है।
बृहस्पतिवार शाम को एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को रंगेहाथ रिश्वत लेते पकड़ा था। दन्नाहार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
थाना दन्नाहार के अंर्तगत कुचैला क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी सचिन को अपनी पट्टे की जमीन की पैमाइश करा कर कब्जा लेना था, इसके लिए उन्होंने सदर तहसील के कुचैला क्षेत्र में तैनात लेखपाल अवध बिहारी से संपर्क किया।
लेखपाल ने किसान से उसका काम करने के नाम पर 15000 की मांग की। किसान ने करीब 5 दिन पूर्व इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। बृहस्पतिवार शाम को सदर तहसील में एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया था। दन्नाहार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद टीम ने शुक्रवार को आगरा स्थित भ्रष्टाचार निरोधक अदालत में पेश किया। वहां से रिश्वत लेने वाले लेखपाल को जेल भेजा गया है।