किशनी। विकासखंड की ग्राम पंचायत सींगपुर में बनाए खेल मैदान का शुभारंभ डीएम और सीडीओ की ओर से किया। एक क्रिकेट मैच का भी आयोजन किया। बीडीओ क्रिकेट क्लब और प्रधान संघ क्रिकेट क्लब के बीच हुए मैच में बीडीओ टीम ने प्रधान टीम को सात रन से हराकर ट्राफी पर कब्जा किया।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार की ओर से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद एक गेंद खेलकर मैच का शुभारंभ किया। निर्धारित 16 ओवर के मैच में बीडीओ की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए 118 रनों का स्कोर दस विकेट पर खड़ा किया। बल्लेबाजी करते हुए अरविंद ने 25, पवन ने 17 और नरेंद्र ने 16 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रधान संघ की टीम 111 रनों पर आल आउट हो गई। टीम की तरफ से प्रधान श्रीकांत शाक्य ने सर्वाधिक 35 रनों की पारी खेली। विकास ने भी 25 रन बनाए।
मैन ऑफ द मैच सचिव नरेंद्र यादव रहे। अंपायर हैपी शर्मा व श्यामू दुबे रहे। विजेता उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरण पूर्व ब्लाक प्रमुख राहुल राठौर ने किया। मैच से पहले जिलाधिकारी अंजनी कुमार, सीडीओ नेहा बंधु ने खेल मैदान का शुभारंभ किया। बीडीओ नवनीत कुमार गौतम, प्रधान मुन्नी देवी, प्रधान प्रतिनिधि अमित गुप्ता, सचिव अरविंद कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। एसडीएम गोपाल शर्मा, तहसीलदार घासीराम, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील दुबे, ब्लाॅक प्रमुख विशाल वाल्मीकि, एडीओ मनोज प्रभाकर मौजूद रहे।र