दो बेटों ने बताई दिल दहला देने वाली वारदात
थाना क्षेत्र के गांव किन्हावर में रविवार शाम करीब पांच बजे ढाई साल के मासूम सौरभ उर्फ शौर्य की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जब मौके पर जांच करने के लिए पहुंची तो वहां मौजूद मृतक के 11 वर्षीय अभय और आठ वर्षीय तेजू ने दिल दहला देने वाला सच बताया।
'पापा ने भाई को पटक कर मार डाला'
अभय ने पुलिस को बताया कि वह दुकान से कुछ लेने के लिए गया था, तेजू ने बताया कि पिता शराब के नशे में धुत थे। उसने देखा कि पिता ने छोटे भाई शौर्य को उठा कर जमीन पर पटक कर मार डाला। बच्चे ने पिता पर गंभीर आरोप लगाए तो पुलिस भी हरकत में आ गई। पूछताछ के लिए शराबी पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस अभी किसी गिरफ्तारी व हिरासत के संबंध में इनकार कर रही है।
मोमोज खाने की जिद कर रहा था मासूम
वहीं, गांव में यह भी चर्चा है कि दोनों बड़े भाई खाने के लिए मोमोज लेकर आए तो ढाई साल का शौर्य भी मोमोज की जिद करने लगा। इस बात पर गुस्से में आकर शराबी पिता ने उसे जमीन पर पटक कर मार डाला। एक महीने पहले करवा चौथ के दिन शराबी ने अपनी पत्नी को भी बेरहमी से पीटा था। जिसके बाद पत्नी की तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई थी। पत्नी बंगाल की रहने वाली थी, जिस वजह से किसी ने कोई शिकायत भी दर्ज नहीं कराई। पुलिस ने दोनों बच्चों के बयान दर्ज किए, वहीं बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा है।
आरोपी की आम शोहरत भी खराब
पुलिस जब गांव में मासूम की मौत के मामले में जांच करने पहुंची तो ग्रामीणों ने एक सुर में आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए। एक किशोरी ने बताया कि पहले वह पत्नी पर भी हमला कर चुका था, पत्नी की मौत हो गई थी। आरोपी शराब पीने का आदी है।
पुलिस का बयान
एक बच्चे की मौत हुई है, पिता पर ही हत्या करने का आरोप लग रहा है। पुलिस मामले में गहनता से सभी तथ्यों की जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। -रामकृष्ण द्विवेदी, सीओ भोगांव