मैनपुरी के बेवर में मजदूरी कर लौट रहे मजदूर की साइकिल की ट्रांसफाॅर्मर के संपर्क में आ गई, जिससे मजदूर को करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर क्षेत्रीय लोग और पुलिस पहुंच गई। मजदूर के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
बैरागपुर के निवासी 35 वर्षीय उमेश राजपूत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। सोमवार देर शाम 8 बजे वह अपनी साइकिल से नवीगंज से मजदूरी कर अपने घर के लिए वापस जा रहे थे, इसी दौरान जब वह नवीगंज के निरीक्षण भवन के सामने काली मंदिर जाने वाले मार्ग पर मुड़े तो अचानक से ढलान होने के चलते उनकी साइकिल अनियंत्रित हो गई और ट्रांसफाॅर्मर से टकरा गई, ट्रांसफाॅर्मर में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने यह वाक्या देखा तो मौके पर लोगों की भीड़ जुड़ गई। घटना की सूचना मजदूर के परिजन और पुलिस को दी गई। इसके बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। मजदूर की मौत के बाद परिजन में चीख पुकार मची है। बताया जा रहा है कि मजदूर के तीन बेटियां हैं जिसमें एक 11 वर्ष, 9 वर्ष और 7 वर्ष की बेटी है। परिवार में कमाने वाले मजदूर अकेले ही थे। उनकी मौत के बाद से परिवार के ऊपर भरण पोषण का संकट भी गहरा गया है। वहीं स्थानीय निवासियों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर उचित मुआवजे की मांग की है।