जिला इटावा क्षेत्र में शनिवार रात कोहरे के चलते हुए सड़क हादसे में मैनपुरी निवासी दो युवकों की मौत हो गई। मरने वाले कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खरगजीत नगर के रहने वाले थे। हादसे में एक घायल को सैफई रेफर किया गया है। तो वहीं एक अन्य हादसे में अधेड़ की मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खरगजीत नगर निवासी रवि शर्मा (27) भाई अनुज शर्मा (25) साले जितेंद्र निवासी सौंरिख कन्नौज के साथ वैन से रिश्तेदारी में शनिवार रात भरथना जा रहे थे। वैन मैनपुरी निवासी युवक चला रहा था। रात करीब 10 बजे वैन जब भरथना के समीप हाईवे पर पहुुंची। तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में रवि की मौके पर ही मौत हो गई।
चालक अनुज और और जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस के जरिए सभी को जिला अस्पताल लाया गया। वहां वैन चालक समेत तीनों घायलों को आगरा रेफर कर दिया। आगरा पहुंचने के बाद चालक की भी मौत हो गई। अनुज और जितेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं शनिवार करीब नौ बजे थाना कुर्रा क्षेत्र का अधेड़ मैनपुरी दीवानी तारीख करने आ रहा था। गांव के बाहर निकलते ही रास्ते में उसे कोहरे के चलते अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया। मृतक के चचेरे भाई दशरथ ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ट्रैक्टर-ट्रॅाली के नीचे दबकर युवक घायल
थाना किशनी क्षेत्र के मोहल्ला कटरा निवासी सचिन (22) रविवार सुबह करीब सात बजे बाइक से किशनी जा रहा था। रास्ते में चल रही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली के बराबर में ही वह बाइक चलाकर चल रहा था। तभी पुराना बस स्टैंड के समीप सामने आए जानवर को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिसके चलते मिट्टी से भरी ट्राली सचिन के ऊपर पलट गई। ट्राली के नीचे दबकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया।