5.40 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद के लिए बनाए गए 56 खरीद केंद्रों पर तीन दिन बाद भी सन्नाटा छाया रहा। किसान गेहूं बेचने के लिए खरीद केंद्र पर नहीं आ रहे हैं लेकिन मंडी में आढ़त पर गेहूं बेचने आ रहे हैं। जबकि खरीद केंद्र पर 1625 और आढ़त पर 1600 रुपया प्रति क्विंटल की दर से खरीद की जा रही है। गेहूं की सरकारी खरीद के लिए एक अप्रैल से खरीद शुरू कराने के आदेश दिए गए हैं। खरीद केंद्र पर पर्याप्त वारदाना पहुंचा दिया है। तीन दिन बाद भी खरीद केंद्राें पर सन्नाटा छाया हुआ है। जबकि इस बार किसानों को किसी भी केंद्र पर गेहूं बेचने की सुविधा दी गई है और समर्थन मूल्य भी 100 रुपया बढ़ाकर गेहूं की खरीद 1625 रुपया प्रति क्विंटल की दर से करने के निर्देश दिए हैं।
56 खरीद केंद्रों की पांच एजेंसियों को किसानों का गेहूं खरीदने की जिम्मेदारी दी गई है। किसान सरकारी खरीद केंद्र की बजाए मंडी में आढ़तिया के पास गेहूं बेचने के लिए पहुंच रहे हैं। आढ़तिया 1600 रुपया प्रति क्विंटल के हिसाब से गेहूं खरीद रहे हैं। मंडी में गेहूं के ढेर नजर आने लगे हैं।
भंवरपाल निवासी नगला दौलत का कहना है सरकारी खरीद केंद्र पर औपचारिकताएं बढ़ा दी गई हैं। जिनको पूरा करने में किसान को परेशानी होती है। इसकी के चलते किसान सरकारी केंद्र की बजाए आढ़त पर गेहूं बेचने को वरीयता देता है। आढ़त पर नगद भुगतान भी मिल जाता है।
श्यामपाल निवासी बैजुआ का कहना है नमी के नाम पर खरीद केंद्र से किसान का गेहूं लौटा दिया जात है। किसान को लाने ले जाने में रुपया बर्बाद करना पड़ता है। जरूरत पर मंडी में आढ़ती किसान को उधार भी दे देता है।
सरकारी केंद्र पर खरीद की शर्तें
- 12 प्रतिशत नमी गेहूं की खरीद होगी
- 12 से 14 प्रतिशत नमी पर कटौती से खरीद होगी
- उतराई और छनाई का 10 रुपया प्रति क्विंटल किसान से नगद लगेगा
- नगद लिया गया रुपया चेक से भुगतान के समय किसान को मिलेगा
- आधार कार्ड, पासबुक, जोतबही, खसरा, खतौनी, मोबाइल नंबर जरूरी
- सरकारी खरीद केंद्र पर सारी जानकारी आनलाइन फीडिंग
संस्था खरीद केंद्र
खाद्य विभाग 07
पीसीएफ 42
यूपी स्टेट एग्रो 03
कर्मचारी कल्याण निगम 02
भारतीय खाद्य निगम 02
56 खरीद केंद्रों पर किसानों को खरीद का भुगतान आरटीजीएस के जरिए क्रय संस्थाओं से किसानों को किया जाएगा। अभी किसान गेहूं बेचने के लिए नहीं आ रहे हैं। गेहूं की निकासी बढ़ते ही केंद्रों पर खरीद शुरू हो जाएगी।
- नंद किशोर, जिला खाद्य विपणन अधिकारी
गेहूं खरीद लक्ष्य 5.40 क्विंटल की 56 खरीद केंद्रों पर 15 जून तक सुबह नौ से शाम छह बजे तक खरीद होगी। किसान किसी भी खरीद केंद्र पर गेहूं बेच सकेंगे। अगर किसान को बेचने में परेशानी होती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
- चंद्रपाल सिंह, डीएम