कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवतियों के साथ मारपीट और छेड़खानी के मामले में पुलिस ने आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं की। जिसके चलते दहशत में आई छात्रा ने इस बार बीएससी फाइनल की परीक्षा तक छोड़ दी।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी छात्रा का हायर एजूकेशन हासिल करने का सपना पुलिस के नकारापन की वजह से टूट गया है। बीएससी फाइनल की छात्रा व उसकी बहन के साथ मोहल्ला निवासी युवकों ने 16 फरवरी को मारपीट और छेड़खानी की थी। जिसकी शिकायत लेकर परिवारीजन थाने पहुंचे। पुलिस ने बमुश्किल तीन के विरुद्ध एनसीआर दर्ज कर ली। मगर घटना के बाद से पुलिस मामले को टरकाने में लगी रही। चौकी पुलिस ने अब तक इस मामले में छात्रा के बयान तक नहीं कराए। नतीजा दहशत में आई छात्रा इस बार प्रवेश पत्र लेने के लिए महाविद्यालय भी नहीं गई। छात्रा के परिवारीजनों की मानें तो पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। बयान कराने की बात कही थी मगर कुछ भी नहीं किया। आरोपी पुलिस से सांठगांठ कर घूम रहे हैं। हाल ही में छात्रा की शादी तय हुई है।
अगर ऐसा कुछ हुआ तो मामले की जांच कर संबंधित के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित से जानकारी लेकर हर संभव सहायता की जाएगी।
- राजेश चौधरी, सीओ सिटी