शादी समारोह में कन्नौज जा रही यूटीलिटी गड्ढे में पलटी
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर शनिवार शाम को अलीगढ़ से कन्नौज बरात में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी यूटीलिटी गड्ढे में पलट गई। हादसे में उसमें बैठे करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
अलीगढ़ के गांव बहादुरपुर निवासी सीताराम शनिवार को परिवारीजनों व अन्य रिश्तेदारों के साथ कन्नौज के गांव भोजपुरा एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बरात में शामिल होने जा रहे लोगों को लेकर यूटीलिटी जब थाना बिछवां क्षेत्र के गांव नगला इमलिया के समीप पहुंची। तभी रास्ते में आए एक गड्ढे में फंसने के दौरान अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। यूटीलिटी में सवार लोगों की चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की ओर पहुंचे। घायलों को गाड़ी से निकालने के साथ ही थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने भगवती पत्नी मनीराम, नीलेश पत्नी विनोद, संजीव पुत्र मेघ सिंह, मनोज पुत्र कैलाश, रोहन पुत्र छोटे लाल, सीताराम, छोटू समेत 10 घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे के बाद यूटीलिटी का चालक मौका पाकर भाग गया। पुलिस ने घायलों के परिवारीजनों को सूचना दे दी है।