पुलिस और नगर पालिका की टीम ने शनिवार दोपहर को नगर के मुख्य बाजार से अतिक्रमण को हटवाया। सीओ सिटी के नेतृत्व में चले अभियान से दुकानदारों में खलबली मची रही। इस दौरान दुकानों के बाहर रखे सामान और टीनशेड आदि को जेसीबी से हटाया गया।
सीओ सिटी राजेश चौधरी ने पालिका ईओ के साथ मिलकर संयुक्त रूप से बजाजा बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। बड़ी संख्या में पुलिसबल और पालिकाकर्मियों के साथ नगर पालिका से शुरू हुई कार्रवाई में बाजार बाजार, संता बसंता, बड़ा चौराहा, तांगा स्टैंड तक सड़क और फुटपाथ पर लगे अतिक्रमण को हटाया गया। जेसीबी से दुकानों के बाहर लगे टीनशेड, तिरपाल आदि को हटाया गया। पालिकाकर्मियों ने हटाए गए सामान को जब्त कर लिया। सीओ सिटी का कहना है कि अभियान लगातार जारी रहेगा। अतिक्रमण हटाने के बाद जो भी दुकानदार दोबारा सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।