पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
- फोटो : अमर उजाला
थाना कुर्रा क्षेत्र में गुरुवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्याओं की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पोस्टमार्टम में फंदे पर लटकने से मौत बताई गई है। कमरे के पलंग पर महिला का शव मिला था।
इटावा की रहने वाली प्रीति की शादी दो वर्ष पूर्व थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव हंसा पोखर में हुई थी। पूर्व में कई बार दोनों परिवारों के बीच समझौता भी हुए थे। गुरुवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता राजपाल सिंह ने थाने में पति बबलू, ससुर जयराम, ननद सुमन कुमारी और अंजू के विरुद्ध दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवारीजनों का आरोप है कि उक्त आरोपियों ने पुत्री की गला दबाकर हत्या की है। घरवालों ने भले ही ससुरालीजनों पर दहेज हत्या करने का आरोप लगाया गया हो लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रीति की मौत फंदा पर लटकने से हुई है। फंदा लगाने के बाद अचानक लगे झटके से गर्दन की हड्डी रीड़ से अलग हो गई। जबकि मायके पक्ष की ओर से गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पोस्टमार्टम की हुई वीडियोग्राफी
पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई है। एक महिला चिकित्सक समेत दो डाक्टरों के पैनल ने शव का परीक्षण कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार की है। परिजनों की मांग के बाद अधिकारियों ने वीडियोग्राफी की अनुमति दी थी।