कोलकाता से राजस्थान जा रहा ट्रक बिछिया में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। इसके बाद ट्रक में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायरब्रिगेड ने मौके पर जाकर आग बुझाई। आग की भयावहता इतनी थी कि चार दमकलों ने दो घंटे में आग पर काबू पा लिया।
थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिछिया निवासी राघवेंद्र उर्फ विष्णु खैतान केएलपीएल कंपनी का ट्रक चलाते हैं। विष्णु ट्रक संख्या आरजे14जीएफ/9240 में जूट लेकर कोलकाता से पानीपत जा रहे थे। मैनपुरी पहुंचने पर राघवेंद्र अपने परिवारीजनों से मिलने के लिए बिछिया गए थे। बुधवार को सुबह 10:15 बजे ट्रक बिछिया के बाहर पहुंचा, तभी रोड क्रास कर गुजर रहे एचटी लाइन के तार जूट में छू गए। तारों से निकली चिंगारी से जूट में आग लग गई। चालक की सजगता से बड़ा हादसा होने से टल गया। चालक ट्रक लेकर तारों से दूर आ गया।
जूट में लगी आग की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। जानकारी पर सीएफओ मनू शर्मा दमकल की गाड़ी के साथ मौके पर पहुंचे। आग की भयावहता को देखते हुए सीएफओ ने मैनपुरी के सामने करहल और बेवर से दमकल मंगाकर आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची।
11 फायर टैंकर हुए खाली
ट्रक में लगी आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आग बुझाने में चार गाड़ियों ने 11 फायर टेंकर पानी खाली कर दिया। सीएफओ ने बताया कि चारों गाड़ियों में से जिस के फायर टेंकर का पानी खत्म हो रहा था उसे मैनपुरी फायर स्टेशन भेजकर भरवाया जा रहा था।
तीन लोग हुए चोटिल
ट्रक में लगी आग की जानकारी होते ही ट्रक में मौजूद कर्मचारी जूट को बचाने के लिए ट्रक में घुस गए। आग की भयावहता को देखते हुए कर्मचारियों ने कूद कर अपनी जान बचाई। इससे तीन कर्मचारी चोटिल भी हो गए।