शराबी के फोन पर पुलिस में मचा हड़कंप
- फोटो : अमर उजाला
शराब के नशे में धुत एक शराबी ने मैनपुरी पुलिस के होश उड़ा दिए। गाजियाबाद की एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर तैनात व्यक्ति ने सौ नंबर पर फोन कर खुद को हरियाणा का डीजीपी बताकर पुलिस अधिकारियों को तुरंत ग्राम नगला मूले जाने के निर्देश दिए। आनन-फानन में पुलिस अधिकारियों ने वायरलेस कर पुलिस को गांव में पहुंचने के निर्देश दिए। वहां पहुंचकर पुलिस ने पूछताछ की, तो पता चला कि यह हरकत एक शराबी ने की है, जिस पर पुलिस उसे गिरफ्तार कर साथ ले आई।
शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन किया कि वह हरियाणा का डीआईजी बोल रहा है। इसे सुनकर पुलिसकर्मी सकते में आ गए। मोबाइल टीम नगला मूले रवाना की गई। वहां पहुंचने पर पता लगा की आजमगढ़ के रहने वाले रुपेंद्र (45) ने शराब के नशे में पुलिस को फोन किया था और उसके बाद वह भाग गया। गांव में काफी देर तलाशी के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि शराबी एक प्लाट में छिपा है। पुलिस ने मौके से उसे पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि फरीदाबाद निवासी रूपेंद्र गांव निवासी रामसिंह के घर ठहरा हुआ था। शनिवार सुबह उसने काफी शराब पी इसके बाद ही पुलिस को फोन कर दिया। शराबी को हिरासत में लेने के बाद कोतवाली लाया गया। वहां उससे पूछताछ की जा रही थी।