दीपावली की शाम थाना क्षेत्र के मढ़ापुर बाईपास पर बाइक की चपेट में आकर वृद्ध की मौत के बाद भीड़ ने जमकर बवाल किया। गुस्साई भीड़ ने मैनपुरी-इटावा मार्ग पर जाम लगा दिया। मार्ग से गुजर रही एक रोडवेज बस में आग लगाकर वाहनों में तोड़फोड़ की। आला अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची पीएसी और पुलिस के जवानों ने भीड़ को खदेड़कर जाम खुलवाया। बवाल की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों से भी भीड़ ने अभद्रता की। इस दौरान समझाने पहुंचे नेताओं को नहीं बक्शा। भीड़ ने बस चालक को जिंदा जलाने की कोशिश की।
गांव नगला मुकुंद निवासी रघुवीर सिंह (67) दीपावली की शाम करीब चार बजे बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहा था। थाने से महज चार सौ कदम की दूरी पर मढ़ापुर बाईपास पर पीछे से आ रही बाइक ने वृद्ध को रौंद दिया। हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बाइक सवार वहां से भाग गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मैनपुरी-इटावा मार्ग पर अवरोध डालकर जाम लगा दिया। सूचना के बाद जब थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने नेता या किसी बडे़ अधिकारी के मौके पर आने की मांग की। पुलिस को शव भी नहीं उठाने दिया। मृतक परिवारीजन और ग्रामीण 20 लाख रुपये मुआवजा की मांग कर रहे थे। सीओ और एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को समझाने के प्रयास किए लेकिन ग्रामीण शव उठाने के लिए राजी नहीं हुए। जाम से दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।
इस बीच भीड़ ने मार्ग पर खडे़ वाहनों में पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी। भीड़ का आक्रामक रुख देख तत्काल एसपी ने मौके पर पीएसी और फोर्स को रवाना कर दिया। भीड़ ने मैनपुरी से सवारियां भरकर इटावा जा रही रोडवेज बस के टायरों की हवा निकाल दी। बस में पेट्रोल-डीजल डालकर आग के हवाले कर दिया। एसपी राकेश कुमार सक्सेना के साथ वहां पहुंचे पुलिस और पीएसी के जवानों ने बल प्रयोग कर जाम लगाए लोगों को खदेड़ दिया। रोडवेज बस चालक श्यामसुंदर मोहल्ला बाग वृंदावन की लात घूसों से पिटाई कर दी। बस में आग लगाने के बाद चालक को जलती हुई बस में फेंकने की कोशिश की गई। इस दौरान बस में सवार यात्रियों ने बमुश्किल अपनी जान बचाई। रात करीब आठ बजे आवागमन शुरू हो सका। मृतक परिवारीजन, पुलिस और रोडवेज बस चालक की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। बस में तोड़फोड़ और आगजनी करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही गांव में पहुंचा तो वहां कोहराम मच गया। गांव में सुरक्षा को लेकर सीओ, एसडीएम सहित बड़ी संख्या में पुलिसबल मौजूद था।
तीन मामले हुए दर्ज
करहल (ब्यूरो)। हादसे में मौत और थाना पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मृतक के भतीजे अजय कुमार ने अज्ञात बाइक चालक के विरुद्ध, थाने में तैनात प्रभारी इंचार्ज महक सिंह ने अवधेश यादव, विजय यादव, अजय कुमार निवासी ग्राम नगला मुकुंद, बीटू पुत्र रविंद्र, कल्लू निवासी ग्राम ममसीरपुर, दीपक कुमार निवासी किशनी चौराहा, अवनीश, विजेंद्र, सौरभ सहित ढाई सौ अज्ञात के विरुद्ध पथराव फायरिंग, गाली गलौज आदि की धाराओं में मामला दर्ज कराया गया है। वहीं बस चालक की ओर से भी ढाई सौ अज्ञात लोगों के विरुद्ध बस में तोड़फोड़, आगजनी आदि धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।
थानाध्यक्ष पर गिरी गाज
करहल (ब्यूरो)। थाना क्षेत्र में हुए इस बवाल की गाज थानाध्यक्ष सलीम खान पर गिरी। एसपी सुनील कुमार सक्सेना ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया।