मैनपुरी। अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की धूम रही। बैंडबाजों के साथ गणेश प्रतिमाएं लेकर शोभायात्राएं निकाली गई। जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया गया। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ नारे लगाते हुए प्रतिमाओं का विभिन्न स्थानों पर विसर्जन किया।
रविवार को सुबह 10 बजे से देर शाम तक गणेश प्रतिमाओं को लेकर शोभायात्राएं निकाले जाने का सिलसिला जारी रहा। शहर के मोहल्ला सौतियाना, बाटा बाली गली, स्टेशन रोड, लेनगंज, बड़ा चौराहा, कचहरी रोड, नगला पजाबा, देवी रोड, मोहल्ला कटरा में गणेश चतुर्थी पर स्थापित की गई गणेश प्रतिमाओं का धूमधाम से विसर्जन किया गया। शहर में गणेश प्रतिमाओं को लेकर निकाली गई शोभायात्राओं में बैंडबाजों की धुनों पर युवक थिरकते हुए चल रहे थे। शोभायात्राएं निकालकर गणेश प्रतिमाओं को निचली गंगा नहर में विधिविधान से विसर्जित किया गया। ग्राम खरपरी में स्थापित की गई गणेश प्रतिमा को शोभायात्रा निकालकर निचली गंगा नहर में विसर्जित किया गया। शोभायात्रा में शामिल युवकों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया। ग्राम टिंडौली में भी स्थापित की गई गणेश प्रतिमा को शोभायात्रा निकाल कर निचली गंगा नहर में विसर्जित किया गया। शोभायात्रा में आनंद सक्सेना, रामवीर भदौरिया, रामलाल, अजित चौहान आदि शामिल थे।