शहर के बीच अंडरग्राउंड केबल बिछाने के लिए खोद गए गड्ढे आम आदमी के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। रात के अंधेरे में लोग इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बिजली विभाग के कर्मचारी खोदे गए गड्ढे भरने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।
बिजली विभाग द्वारा शहर भर में अंडरग्राउंड केबल बिछाने के लिए बिजली विभाग द्वारा जगह जगह गड्ढे खोदे गए हैं। ड्रिलिंग के माध्यम से की जा रही खोदाई के कारण शहर किनारे कई जगह गहरे गड्ढे खोदे गए हैं। केबल बिछाने के बाद भी इन गड्ढोें को भरने में विभागीय कर्मचारी रुचि नहीं ले रहे हैं। गड्ढे नहीं भरे जाने से स्कूली बच्चे और लोग आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। करहल रोड, आगरा रोड, देवी रोड, राजा का बाग में खोदे गए गड्ढे मुसीबत बनते जा रहे हैं।
करहल रोड निवासी सुशील जैन का कहना है बिजली विभाग की लापरवाही से लोग परेशान हो रहे हैं। स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे गड्ढे में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। राजा का बाग निवासी प्रमोद कठेरिया का कहना है विभाग को अंडरग्राउंड केबल बिछाने के लिए गड्ढे खोदने और भरने का रुपया मिलता है फिर भी विभाग गड्ढे भरने में रुचि नहीं लेता है।
अधीक्षण अभियंता एके श्रीवास्तव का कहना है जिन स्थानों पर केबल बिछाने के लिए गड्ढे खोदे गए हैं उनको शीघ्र ही भरा जाएगा। अंडरग्राउंड केबल बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे भरने में अगर कहीं भी लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
हादसा हुआ तो कौन होगा जिम्मेदार
मैनपुरी। गड्ढा खोदने के बाद उन्हें लापरवाही पूर्ण तरीके से खुला छोड़ दिया जाता है। पूरा कार्य ठेके पर एक कार्यदायी संस्था के द्वारा कराया जा रहा है। ऐसे में यदि कोई हादसा उक्त गड्ढों के चलते होता है तो उसके लिए कौन जिम्मेदार होगा।