मैनपुरी। थाना भोगांव क्षेत्र के गांव तमोलियान निवासी अभिषेक रंजन पांडेय के साथ फर्जी डीलरशिप देने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी की गई। साइबर ठग ने रजिस्ट्रेशन, एग्रीमेंट व सामान के नाम पर रुपये बैंक खातों में ट्रांसफर कराए। साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव तमोलियान निवासी अभिषेक सोलर पैनल लगाने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले दुकान पर सोलर पैनल के कार्टन पर लिखे एक टोल-फ्री नंबर पर डीलरशिप लेने के मतलब से कॉल किया। कॉल उठाने वाले शख्स ने कहा कि उनकी सेल्स टीम संपर्क करेगी। इसके कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम रजत पटेल बताया, उसने कहा कि टाटा पावर सोलर का प्रतिनिधि है।
उसने झांसे में लेकर रजिस्ट्रेशन शुल्क के रूप में 25 हजार रुपये जमा कराए। इसके बाद सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा मुंबई के खाते में एग्रीमेंट फीस के नाम पर 30 जुलाई को 97200 रुपये ट्रांसफर करवाए गए। माल की डिलीवरी के नाम पर बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा मुंबई के दूसरे खाते में 11 अगस्त को 3.80 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से जमा करवाए। पांच लाख रुपये लेने के बाद साइबर ठग ने मोबाइल बंद कर लिया। ठगी का पता लगने के बाद उन्होंने 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई।