करहल/कुरावली। कोहरे का कहर शुरू हो गया है। कुरावली में जीटी रोड पर कोहरे के चलते चार ट्रक टकरा गए। हादसे में एक ट्रक चालक घायल हो गया। करहल क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से रोडवेज बस टकरा गई।
कुरावली क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 9 बजे तक जीटी रोड पर घना कोहरा छाया था। कोहरे के चलते शरीफपुर के पास हाईवे पुल पर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से आ रहा ट्रक टकरा गया।
दोनों के चालक कुछ समझ पाते, तब तक पीछे से दो अन्य ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में भिड़ गए। चारों ही ट्रक एटा से कानपुर की तरफ जा रहे थे। प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। घायल ट्रक चालक धर्मवीर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। अन्य वाहनों के चालकों को मामूली चोट लगी थी।
हापुड़ डिपो की बस रविवार देर रात 17 सवारियों को दिल्ली से आजमगढ़ ले जा रही थी। करहल क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे से गुजरने के दौरान कुर्रा थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 102 किमी पर कोहरे के चलते बस आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर लगते ही सवारियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में बस परिचालक सत्यम यादव निवासी जेतसिंहपुर थाना जहांगीरगंज आंबेडकर नगर घायल हो गया। कुछ सवारियों को भी मामूली चोट लगी। जानकारी पर थाना प्रभारी कुर्रा विक्रांत गुर्जर दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल परिचालक को मेडिकल कॉलेज सैफई भिजवाया। सवारियों को दूसरे वाहन से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।