फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मैनपुरी में चार मौतों से मातम: खाई में पलटा ई-रिक्शा तो ट्रैक्टर-ट्राली ने किशोर को कुचला, बुखार ने ले ली जान

Mon, 10 Apr 2023 07:16 PM IST
भूपेन्द्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, मैनपुरी

सार

मैनपुरी में एक दिन में चार मौतों से गांवों में मातम छा गया। यहां खाई में ई-रिक्शा पलटने से वृद्ध की मौत हो गई। तो वहीं ट्रैक्टर-ट्राली ने किशोर को कुचल दिया। एक की बुखार ने जान ले ली। जंपर पलटने से चालक की मौत हो गई। 
विज्ञापन
ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत, लोगों सड़क जाम किया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में अलग-अलग हादसों और बुखार से पीड़ित चार लोगों की मौत हो गई। इससे गांवों में मातम छा गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को संभाला। वहीं जिला अस्पताल में गंभीर रूप से बीमार रोगियों को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। 
विज्ञापन


किशनी थाना कुर्रा क्षेत्र में गांव कुरारी के पास सोमवार की सुबह ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से एक बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उधर घटना से आक्रोशित लोगों ने किशनी-मैनपुरी मार्ग पर जाम लगा दिया, जो करीब एक घंटा बाद खुल सका। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी

इटावा जिला के थाना ऊसराहार क्षेत्र के नगला खनाबांध निवासी रामसिंह का पुत्र नीलेश कुमार (17) सोमवार की सुबह बाइक से रिश्तेदारी में मैनपुरी जा रहा था। उसके साथ बाइक पर गांव निवासी रजनेश कुमार (18) भी थे। बाइक जब थाना कुर्रा क्षेत्र में गांव कुरारी के पास पहुंची, तभी मार्ग से गुजर रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। हादसे में नीलेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं साथी रजनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल भेजा गया। वहां से मेडिकल कॉलेज, सैफई रेफर किया गया।

हादसे से आक्रोशित लोगों ने करीब 11:30 बजे किशनी-मैनपुरी मार्ग पर अवरोध डालकर जाम लगा दिया। जाम लगाए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। जाम लगाए हुए लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। गांव के कुछ सभ्रांत लोगों के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए। करीब एक घंटा बाद जाम खुल सका। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

जाम में एक घंटा फंसी रही एसडीएम की गाड़ी

किशनी-मैनपुरी मार्ग पर गांव कुरारी के पास सड़क हादसे में एक किशोर की मौत के बाद आक्रोशित लोग जाम लगाए हुए थे। इस दौरान मार्ग से एसडीएम किशनी की गाड़ी गुजरी। ग्रामीणों के जाम न खोलने के चलते करीब एक घंटा तक गाड़ी जाम में फंसी रही। जाम खुलने के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो सकी।
विज्ञापन

चालक की मौत की खबर पर अस्पताल पहुंचे परिजन - फोटो : अमर उजाला

लालपुर के पास पलटा डंपर, चालक की मौत

करहल थाना क्षेत्र के गांव सरसई मासूमपुर निवासी रवि यादव (22) रविवार को एक पहचान के व्यक्ति के साथ डंपर पर गया। देर शाम थाना दन्नाहार क्षेत्र में डंपर से मिट्टी उतारने के बाद रवि किसी तरह से डंपर के पिछले पहिया के चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन उसे जिला अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। 

हादसे की सूचना मिलने के कुछ देर बाद रोते बिलखते परिजन जिला अस्पताल आ गए। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। सोमवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया गया। हादसे में युवक की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
 

जिला अस्पताल में पर्चा बनवाने को लाइन में लगे मरीज - फोटो : अमर उजाला

बुखार से पीड़ित वृद्ध की मौत, जिला अस्पताल पहुंचे 100 से अधिक मरीज

जिले में बुखार पीड़ितों की संख्या भी तेजी के साथ बढ़ रही है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 855 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इनमें सौ से अधिक मरीज बुखार से पीड़ित थे। फिजीशियन और बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष में सबसे अधिक मरीज पहुंचे। बुखार से पीड़ित पांच मरीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि तीन मरीज हालत बिगड़ने पर रेफर किए गए।

थाना करहल क्षेत्र के गांव मकरंदपुर निवासी 65 वर्षीय विजेंद्र सिंह को पिछले दो दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। सोमवार को अचानक उनकी हालत बिगड़ी तो परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि विजेंद्र सिंह को मृत अवस्था में ही जिला अस्पताल लाया गया था।
विज्ञापन

खाई में ई-रिक्शा पलटने से वृद्ध की मौत

थाना किशनी क्षेत्र के गांव हिंदूपुर निवासी मान सिंह राजपूत (70) सोमवार को रिश्तेदार अशोक के साथ ई-रिक्शा से कन्नौज के छिबरामऊ एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जब चौकी क्षेत्र में बुढ़ौली मोड़ के पास पहुंचा, तभी हवा के एक तेज झोंके में अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा सड़क किनारे खाई में जा गिरा। 

हादसे में मान सिंह व अशोक घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज नीलकमल गौतम ने घायल वृद्ध को किशनी सीएचसी भेजा। वहां चिकित्सकों ने मान सिंह को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भेजा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें