फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोहरे और सर्द हवाओं से कांपे लोग

Thu, 09 Nov 2023 07:05 PM IST
Anonymous User ब्यूरो, अमर उजाला मैनपुरी
विज्ञापन
विज्ञापन
मैनपुरी। कड़ाके की सर्दी ने शुक्रवार को दस्तक दे दी। वातावरण में छाई रही घने कोहरे की परत के चलते नौ बजे के बाद तक सड़कों पर वाहन कछुए की तरह रेंगते नजर आए। पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने और ठंडी हवाएं चलने से सभी कांपते नजर आए। गरम कपड़े भी गलन भरी सर्दी से राहत नहीं दिला पा रहे हैं। न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
विज्ञापन

शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा। कोहरा छटने के बाद भी धूप नहीं निकली और ठंडी हवाएं चलने से सर्दी और भी बढ़ गई। घने कोहरे के कारण चालकों को वाहन चलाने में खासी दिक्कत उठानी पड़ी। कोहरे के बीच लाइट जलाकर चालक वाहनों को चला रहे थे। सड़कों पर नौ बजे के बाद तक वाहन रेंगते हुए नजर आए। वाहन धीमी गति से चलने के कारण सड़कों पर जाम जैसे हालात रहे। बढ़ी सर्दी के बीच गरीब और मजदूर वर्ग के लोग कूड़ा-करकट जलाकर सर्दी से निजात पाते देखे गए। प्रशासन द्वारा कुछ स्थानों पर ही अलाव की व्यवस्था कराने से लोगों में असंतोष है।

पाला से आलू-सरसों को खतरा
कई दिनों से वातावरण में बढ़ी नमी और अब घने कोहरे को देख किसान आलू और सरसों की फसल को लेकर चिंतित हो उठे हैं। वहीं बढ़ी सर्दी गेहूं और अन्य फसलों के लिए लाभदायक बताई जा रही है। कृषि वैज्ञानिक डाक्टर जगदीश मिश्र के अनुसार लगातार कोहरा और नमी अधिक होने से आलू में झुलसा और सरसों में माहूं फैलने की आशंका बढ़ जाती है। बचाव के लिए किसानों को रसायनों का छिड़काव और फसलों के आसपास फूस आदि जलाकर धुआं करना चाहिए।
विज्ञापन


देरी से आईं ट्रेनें और बसें
सर्दी और कोहरे के चलते परिवहन व्यवस्था चरमराने लगी है। शुक्रवार को दिल्ली से चलकर कानपुर जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से आई। वहीं सुबह फर्रुखाबाद और शिकोहाबाद की ओर जाने वाली दोनों पैसेंजर ट्रेनें निर्धारित समय से डेढ़ घंटे देरी से आईं। घने कोहरे के चलते बसें बेहद धीमी गति से चल रहीं हैं। रात और सुबह आने वाली बसें दो से तीन घंटे तक विलंब से पहुंच रहीं हैं। दिल्ली की ओर से रात में आने वाली बसें तो चार घंटे विलंब से पहुंची।

सर्दी का कालेजों पर असर
घने कोहरे और शीतलहर के बीच स्कूल जाने वाले बच्चों की परेशानी बढ़ गईं हैं। सुबह छात्र-छात्राओं को कड़ाके की सर्दी के बीच ठिठुरते हुए स्कूल-कालेज जाते देखा गया। शुक्रवार को घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के चलते स्कूल-कालेजों में 20-25  फीसदी छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम रही। कड़ाके की सर्दी को देखते हुए छोटे बच्चों के स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग उठने लगी है। हालात यह हैं कि पूर्वाह्न 11 बजे से पहले बाजार नहीं खुलते हैं और शाम को छह बजे से पहले ही बाजार बंद होने लगते हैं। दिन में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा 60 फीसदी भी ग्राहक बाजार में नजर नहीं आ रहे हैं। कड़ाके की सर्दी ने कारोबार को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है।


बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी
मैनपुरी। बिजली कटौती से लोगों का बुरा हाल है। शुक्रवार को नगर के बड़े इलाके और ग्रामीण क्षेत्रों में आठ घंटे बिजली कटौती रही। बिजली की कटौती से लोगों का बुरा हाल रहा। गलन भरी सर्दी में बिजली आने की जानकारी के लिए लोग विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से भी संपर्क करते रहे। उन्हें मरम्मत कार्य होने की जानकारी दी गई।
शुक्रवार को नगर के कचहरी रोड, आश्रम रोड, रेलवे रोड सहित बड़े इलाके की बिजली आपूर्ति सुबह आठ बजे से ही ठप हो गई। क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शाम चार बजे सुचारु हो सकी। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र दन्नाहार, घिरोर, कुचेला, ज्योंति खुड़िया, औंछा सहित नौ विद्युत उपकेंद्र क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक ठप रही। बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोग गलन भरी सर्दी में लोग परेशान रहे। स्थानीय निवासी प्रवेश कुमार का कहना है कि बिजली अधिकारी जानबूझ कर घंटों बिजली कटौती कर रहे हैं। गलन भरी सर्दी में बिजली न होने से लोगों को और अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। अधिकारी बिजली कटौती बंद करें। वहीं अधिशासी अभियंता वीपी कठेरिया का कहना है कि ग्रिड लाइन में सुधार के चलते बिजली कटौती की गई है।

विद्युत उपकेंद्र पावर हाउस क्षेत्र के टाउन द्वितीय की बिजली आपूर्ति शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक ठप रहेगी। यह जानकारी अवर अभियंता हरी सिंह ने दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें