रविवार की सुबह से शुरू हुई बारिश ने जिले का करंट उड़ा दिया। जिले भर में कई हिस्सों की बिजली आपूर्ति सुबह से ही बाधित हो गई। देर शाम तक शहर में तो आपूर्ति चालू कर दी गई, लेकिन देहात के कई हिस्सों में आपूर्ति चालू नहीं हो सकी।
रविवार की सुबह से ही कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश हुई। बारिश शुरू होते ही विभाग ने अहतियात के तौर पर जिले भर में आपूर्ति बंद कर दी। कई लोग पेयजल के लिए परेशान हुए तो कइयों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए भटकना पड़ा। आपूर्ति बंद होने से उन धंधों पर भी असर पड़ा जो पूरी तरह बिजली पर ही आधारित हैं। पूरे दिन रुक-रुककर हुई बारिश के कारण देर शाम तक आपूर्ति बाधित रही। अधीक्षण अभियंता एके श्रीवास्तव ने बताया कि अहतियात के तौर पर आपूर्ति बंद की गई है। बारिश बंद होते ही आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।