मैनपुरी। पंचायत चुनाव के चौथे चरण में भी जमकर हिंसा हुई। बरनाहल समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों में पथराव और फायरिंग हुई। पुलिस ने हिंसा वाले गांवों से 200 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। इनमें दो प्रत्याशी भी शामिल हैं। चौथे चरण में 72.78 प्रतिशत मतदान हुआ।
बुधवार की सुबह चौथे चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ। पूर्वाह्न 11 बजे तक कोई भी अप्रिय सूचना न आने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। अचानक पूर्वाह्न 11:30 बजे घिरोर थाना क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर में फायरिंग होने लगी। यहां वोट डालने आए बीएसएफ के जवान और सीआरपीएफ के ड्यूटी पर तैनात जवानों में विवाद के बाद दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों में फायरिंग होने लगी। मौके पर डीएम और एसपी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे उसके बाद जाकर स्थिति नियंत्रित हो सकी। यहां से 20 लोग पुलिस ने हिरासत में लिए। इस दौरान एक घंटा तक मतदान बाधित रहा। इसके बाद दोपहर में लगभग एक बजे बरनाहल कसबा के सब्जी मंडी स्थित पोलिंग बूथ संख्या 43, 44, 45 पर प्रत्याशी सरिता यादव और सुशीला जाटव के समर्थकों में फर्जी वोटिंग को लेकर विवाद हो गया। कुछ देर में ही दोनों ओर से पथराव होने लगा। जानकारी पर पहुंची पुलिस फोर्स ने लाठियां फटकारीं। इस पर दोनों पक्षों ने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी। यह देख पुलिस फोर्स के पैर उखड़ गए। बाद में सूचना पर पहुंचे डीएम और एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने उपद्रवियों पर जवाबी फायरिंग की। साथ ही सीआरपीएफ के जवानों ने भी जमकर लाठियां भांजी। स्थिति नियंत्रित होने के बाद मतदान शुरू करा कर अधिकारी जैसे ही वहां से निकले दोनों पक्षों में फिर से पथराव हो गया। इसके बाद लगभग हर घंटे सब्जी मंडी वाले पोलिंग बूथ पर पथराव और फायरिंग होती रही। पुलिस उपद्रवियों को भगा देती तो वह कुछ देर बाद फिर से आकर पथराव शुरू कर देते। इस दौरान अधिकारियों ने एक प्रत्याशी के पति संजीव कुमार और एक प्रत्याशी सरिता यादव को हिरासत में ले लिया। मारपीट में कई लोगों को चोट आईं। इनमें कुर्रा निवासी अजय सिंह यादव और हरिओम शामिल हैं। वहीं पुलिस ने मौके से तीन दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान लगभग दो घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। इसके अलावा बरनाहल क्षेत्र के ही गांव नगला नदा में दो प्रत्याशियों के समर्थकों में जमकर पथराव हुआ। यहां पहुंची सीआरपीएफ ने जमकर लाठी चार्ज किया और 26 लोगों को हिरासत में ले लिया। बूथ पर फर्जी मतदान को लेकर प्रत्याशी रीना और पुष्पा के समर्थकों में पथराव हुआ था। बरनाहल के गांव कैलाशपुर में भी मतदान के दौरान गौरव यादव और देवेंद्र यादव के बीच पहले मारपीट हुई। इसके बाद दोनों पक्षों में पथराव हुआ। इसके चलते पोलिंग पार्टी ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। फोर्स ने जाकर स्थिति संभाली। इसके बाद ही पोलिंग पार्टी वहां से निकल सकी। बरनाहल ब्लाक के थाना करहल में स्थित गांव जगन्नाथपुर में भी वोटिंग के दौरान पथराव होने से एक घंटे तक मतदान बाधित रहा। इसके अलावा औंछा थाना क्षेत्र के गांव बालमपुर में दो पक्षों में मतदान के दौरान जमकर पथराव हुआ। इस पर पीएसी ने लाठीचार्ज कर मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया। देर शाम तक पुलिस हिरासत में लिए सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी।
क्र.सं. समय घिरोर बरनाहल
1 7 से 9 बजे तक 11.05 प्रतिशत 11.75 प्रतिशत
2 9 से 11 बजे तक 30.25 प्रतिशत 33.25 प्रतिशत
3 11से 1.00 बजे तक 48.88 प्रतिशत 52.06 प्रतिशत
4 1 से 3.00 बजे तक 64.50 प्रतिशत 66.38 प्रतिशत
5 3 से 4.30 बजे तक 71.69 प्रतिशत 73.88 प्रतिशत
सुबह सात बजे से होगी मतगणना
मैनपुरी। जिला मजिस्ट्रेट/ जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) चंद्र पाल सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग उप्र की अधिसूचना के अनुसार जनपद के समस्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों और सदस्यों की मतगणना 13 दिसंबर को सुबह सात बजे से होगी।