जिले में सोमवार अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। आसमान से दिनभर आग बरसती रही। हाल यह रहा कि गर्मी से राहत पाने के लिए लोग छांव और पानी ही तलाशते रहे। हवा थमने से उमस बढ़ी तो अस्पताल की इमरजेंसी भी फुल होने लगी।
दो दिनों से 44 डिग्री सेल्सियस पर ठहरा पारा सोमवार को बढ़कर 45.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सुबह दस बजे से ही पारा बढ़ने से लोगों का सुकून छिनने लगा। दोपहर तक स्थिति खराब हो गई। हवा थमने से उमस बढ़ गई। स्थिति यह रही कि दोपहर के समय में ईशन नदी तिराहा से जेल रोड, कुरावली रोड, राधा रमन रोड पर सन्नाटा सा पसरा रहा। जो भी राहगीर घरों से बाहर निकले, वे गर्मी से राहत पाने के जतन तलाशते रहे। वहीं, गर्मी का असर इतना देखने को मिला कि बच्चे और बूढ़े गर्मी से बचने के लिए जिला अस्पताल परिसर में बनी इमरजेंसी में सोते नजर आए। जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ती देख अस्पताल प्रशासन ने हृदय रोग विभाग में डायरिया से पीड़ित मरीजों को भर्ती कराया जा रहा है।
बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा खतरा
बढ़ती गर्मी से सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। स्कूलों की छुट्टियां 20 मई से होनी है लेकिन कुछ स्कूल संचालकों ने छुट्टी कर दी है। अभिभावक स्कूल पहुंचकर छुट्टी घोषित करने की मांग कर रहे हैं। आलम यह है कि बच्चों के स्कूल से लौटते वक्त धूप बहुत तेजी होती है। इससे बच्चों को काफी दिक्कत है। वहीं बुजुर्गोें के लिए भी मौसम में सावधानी बरतना जरूरी है। गर्भवती महिलाओं को भी गर्मी से बचने की जरूरत है।
चेहरे पर कपड़ा, आंखों पर चश्मा
धूप और गर्मी का आलम यह है कि अगर चेहरे और आंखों को बिना ढके निकले, तो दिक्कत पक्की है। ऐसे में लोग चेहरे पर कपड़ा, साफी, अंगोछा डालकर निकल रहे हैं। गर्मी से बचने के लिए छाता भी खूब लगाया जा रहा है।
लू से बचने के उपाय
- धूप में निकलने से बचें और पानी पीकर निकलें।
- छाता लेकर या कैप लगा कर धूप में निकालें।
- धूप से घर आने पर तुरंत ठंडा पानी न पीएं।
- कूलर, एसी से तुरंत धूप में निकलने से बचें।
- नींबू पानी या शिकंजी रोज पीने की आदत डालें।
- बच्चों के लिए घर में ग्लूकोज, पुदीनहरा जरूर रखें।
- कूलर की तेज हवा के ठीक सामने बैठने से बचें।
- दिन में 3 से 4 बार आंख का साफ पानी से धोएं।
- ब्रांडेड काला चश्मा पहन कर धूप में निकलें।
फूड प्वाइजनिंग से भी करें बचाव
गर्मी में पहले तो भूख लगती है, लेकिन डाक्टर लोगों को ज्यादा तला भुना खाने से परहेज करने की सलाह दे रहे हैं। फिजीशियन डाक्टर जेजे राम कहते हैं कि गर्मी में खाली पेट न रहें, लेकिन थोड़ा-थोड़ा करके खाएं। ज्यादा तला-भुना खाने से बचें। इनसे फूड प्वाइजनिंग का खतरा रहता है।
आंखों में फोटो एलर्जी के रोगी बढ़े
जिला अस्पताल में तैनात नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. पीके झा का कहना है कि पारा बढ़ने के साथ ही गर्मी बढ़ जाती है। इससे आंखों में जलन आदि भी होती है। जिसे फोटो एलर्जी कहते हैं। इसके चलते प्रतिदिन 200-300 रोगी पहुंचे रहे हैं। ऐसे में लोगों को प्रतिदिन आंखें साफ पानी से धोना चाहिए। गुलाब जल डालना चाहिए। साथ ही धूप में काला चश्मा लगाकर निकलना चाहिए। ज्यादा तकलीफ हो तो कुशल चिकित्सक की सलाह लेनी चाहिए।
एक हफ्ते का पारा
दिन अधिकतम पारा न्यूनतम पारा
सोमवार 45.02 29.2
रविवार 44.5 28.3
शनिवार 43.2 28.3
शुक्रवार 41.5 27.2
गुरुवार 41.2 28.2
बुधवार 40.3 28.2
मंगलवार 44.3 27.2
सोमवार 44.2 27.2