मैनपुरी। विद्युत वितरण खंड शहरी क्षेत्र के उपकेंद्र देवी रोड की 33केवीए लाइन में बुधवार सुबह फॉल्ट हो गया। इससे उपकेंद्र से जुड़े 12 मोहल्लों के 5800 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति करीबन 10 घंटे तक बाधित रही। बिजली नहीं आने से लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। वहीं इन्वर्टर डाउन होने से लोगों को मोबाइल फोन चार्ज करने में भी दिक्कतें हुई।
उपकेंद्र देवी रोड क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बुधवार को सुबह करीब आठ बजे अचानक बाधित हो गई। जांच में गांव पुसैना के पास स्थित अंडरपास के समीप 33केवीए लाइन क्षतिग्रस्त मिली। विद्युत कर्मियों ने फॉल्ट की मरम्मत शुरू कराई। 10 घंटे की मशक्कत के बाद शाम करीब छह बजे सुचारू हो सकी। लाइन क्षतिग्रस्त होने से उपकेंद्र से पोषित मोहल्ला कटरा, सौतियाना, चौथियाना, बालाजी पुरम, राजा का बाग, आश्रम रोड, मंडी धर्मदास, मंडी मोती गंज, ओम भंडार, कचहरी रोड, देवपुरा, जीवालाल कॉलोनी, देवी रोड सहित करीब 12 मोहल्लों के करीबन 5800 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक बाधित रहीं। इस दौरान जेई धर्मेंद्र भदौरिया, नोडल विमल कुमार और टीजीटू शिवशंकर नजर बनाए रहे।