फोटो 2 सवारियों के जेवर नकदी चुराने वाले पिता पुत्री व ऑटो चालक। संवाद
मैनपुरी। ऑटो में सवारियों को बैठा कर जेवर और नकदी चुराने वाले गैंग के सरगना पिता-पुत्री सहित तीन बदमाशों को कुरावली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चुराया गया लाखों का माल बरामद हुआ है। सोमवार को एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने कार्रवाई की जानकारी दी।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि तीन जुलाई को घिरोर क्षेत्र के गांव नगला रजा निवासी अंजू देवी अपने पुत्र के साथ कस्बा जाने के लिए शरीफपुर के पास ऑटो का इंतजार कर रही थीं। तभी एक ऑटो पास आकर रुका, उसमें एक करीब 50 वर्षीय व्यक्ति व 20 वर्षीय युवती पहले से बैठी थी।
अंजू ऑटो में बैठ गई और रास्ते में उनके बैग में रखी सोने की चेन, एक जोड़ी झाले, अंगूठी आदि चोरी कर लिए गए थे। इस घटना के बाद पीड़िता ने कुरावली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद थाना प्रभारी ललित भाटी ने सोमवार सुबह नगला ऊसर मोड़ के पास से पिता-पुत्री व ऑटो चालक को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने नाम राजवीर, रेखा निवासी गांव सहारा थाना बिछवां और चालक ने दीपक निवासी गांव मलावन एटा बताया।
पूछताछ करने पर पिता राजवीर व पुत्री रेखा ने बताया कि वह लोग चालक दीपक के साथ मिल कर भोले भाले लोगों को ऑटो में बैठाते हैं। रास्ते में मौका मिलते ही उनका कीमती सामान, जेवर नकदी आदि चोरी कर लेते हैं। वह लोग खासतौर पर बच्चों के साथ अकेली महिला को निशाना बनाते हैं। इससे पूर्व भी वह लोग इस तरह की घटनाएं अंजाम देते रहे हैं। पकड़े गए पिता-पुत्री व चालक की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन, कान के झाले, पांच हजार रुपये व वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद हुआ। जुर्म का इकबाल करने के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया।