मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव इटौरा स्थित खेत में भैंस जाने के विवाद में आरोपियों ने किसान और परिजन को सरिया, बेलचा और लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। जान से मारने की धमकी दी। सोमवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
पीड़ित राजेश कुमार ने बताया कि 7 अगस्त शाम करीब 5:30 बजे उनकी भैंस खुल कर विपक्षी ललित मोहन के धान के खेत में चली गई थी। जानकारी होने के बाद वह भैंस को पकड़ कर घर ले आए और खूंटे से बांध दिया। नुकसान की भरपाई के लिए वह खुद ही धान की पौध ले जाकर विपक्षी के खेत में लगाने लगा। तभी ललित मोहन, अलका, राम लाल, पवन कुमार, दिलीप कुमार, संदीप कुमार लाठी-डंडा सरिया और बेलचा लेकर आए गए। गाली-गलौज करते हुए उन्हें और पुत्र को पीटना शुरू कर दिया। पुत्र घर में घुस गया। पीछे से विपक्षी भी आए और ललित ने बेटे सत्यम के सिर पर बेलचा मारकर घायल कर दिया। बेटे को बचाने के लिए आई पत्नी सुनीता देवी को भी लाठी-डंडों से पीटा गया। सूचना पर यूपी 112 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हमला करने वालों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई कर रही है।