यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने को शासन की कवायद जारी है। नकल रोकने के
लिए इस बार विभागीय अधिकारियों के साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों के अलावा
परीक्षा से जुड़े हर व्यक्ति के टेलीफोन नंबर का रिकार्ड रखा जाएगा। ताकि
दूर बैठे आलाधिकारी सीधे परीक्षा केंद्रों से पहुंच बना सकें।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 19 फरवरी से शुरू हो रही हैं। यह परीक्षाएं 204
परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होंगी। परीक्षाएं नकल विहीन कराने के लिए
विभाग पुख्ता तैयारियां करने में जुटा है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डा. अवध
नरेश शर्मा ने जिला विद्यालय निरीक्षक को परीक्षा केंद्र की टेलीफोन
डायरेक्टरी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस डायरेक्टरी में
प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक और ड्यूटी देने वाले शिक्षकों से लेकर
ग्राम प्रधान और सभासद आदि के नंबर शामिल होंगे। हर केंद्र के पांच मोबाइल
और पीएनटी नंबर सहित कंट्रोल रूम का भी नंबर देना होगा। यह कदम इसलिए
उठाया गया है कि परीक्षा के समय यदि कोई दिक्कत होती है तो व्यवस्थाएं
कराई जा सकें। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने निर्देश दिए हैं कि टेलीफोन नंबर
की विवरण पुस्तिका पांच प्रतियों और हार्ड कापी पेन ड्राइव या सीडी सहित
एक फरवरी तक परिषद के कार्यालय को उपलब्ध करा दें।
इनके भी नंबर होंगे शामिल
टेलीफोन डायरेक्टरी में परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य, केंद्र
व्यवस्थापक, उपप्रधानाचार्य, वरिष्ठ प्रवक्ता, सहायक अध्यापक, संस्था के
लिपिक, ग्राम प्रधान, सभासद और शिक्षक अभिभावक संघ के अध्यक्ष के मोबाइल
नंबर और लैंड लाइन नंबरों को शामिल किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक के निर्देशोें का पालन किया जा रहा है। निर्देशों
के क्रम में मोबाइल नंबर संकलित किए जाने का कार्य चल रहा है। निर्धारित
तिथि तक नंबरों को संकलित कर विवरण पुस्तिका प्रेषित कर दी जाएगी।
आरपी यादव, डीआईओएस