मैनपुरी। मैनपुरी-इटावा रेल लाइन को जल्द पूर्ण कराए जाने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा आगे आया है। मोर्चा कार्यकर्ताओं ने रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को देकर रेल परियोजना को हर हाल में मार्च 2016 तक पूर्ण कराए जाने की मांग की है। मोर्चा पदाधिकारियों का कहना है कि रेल परियोजना पूर्ण कराए जाने की मांग को लेकर भाजपा नेतृत्व को भी ज्ञापन भेजा जाएगा।
शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुमित चौहान के नेतृत्व में मोर्चा कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को सौंपा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि करीब 15 सालों से लटकी मैनपुरी-इटावा रेल परियोजना के लिए अब पर्याप्त बजट मिल गया है। ऐसे में मार्च तक परियोजना के कार्य पूर्ण हो जाने चाहिए। मैनपुरी से इटावा तक रेल लाइन बनने से जहां मैनपुरी जंक्शन बनेगा वहीं जिला रेल मार्ग से सीधा महानगरों से जुड़ जाएगा। मैनपुरी-इटावा रेल लाइन बनने से जिले का विकास होगा। पूर्व में यूपीए सरकार द्वारा बजट नहीं दिए जाने से परियोजना लटकी रही।
विजय भदौरिया ने कहा कि इटावा रेल लाइन जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। रेल लाइन को जल्द पूरा कराए जाने के लिए मोर्चा प्रदेश और राष्ट्रीय पदाधिकारियों को भी ज्ञापन भेजेगा। पदाधिकारियों ने एक और ज्ञापन देकर भांवत रेलवे क्रासिंग पर फाटक की चौड़ाई बढ़ाए जाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि क्रासिंग की चौड़ाई कम होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति रहती है। इस मौके पर सुबोध तोमर, विजय चौहान, विशाल सिंह, पुनीत सिंह, गोल्डी चौहान, हिमांशु, तेजस चौहान, भानुप्रताप सिंह आदि मौजूद थे।