जींस पहनकर आने पर कर्मचारी से जुर्माना वसूला
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश सरकार द्वारा जारी किए गए ड्रेस कोड का पालन न करना वाणिज्य कर विभाग के एक कर्मचारी को मंहगा पड़ा। जींस पहनकर कार्यालय में आने पर उससे 500 रुपया वसूला गया है। ड्रेस कोड को लेकर हुई पहली कार्रवाई से कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सरकारी कार्यालयों में सरकारी कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड लागू कर कड़ाई से पालन कराने को कहा है। जिले में पहली कार्रवाई वाणिज्य कर विभाग कार्यालय में हुई है।
सोमवार को सचल दल प्रभारी विजय सिंह विसेन ने कार्यालय में जींस पहन कर आए कर्मचारी उमेश कुमार यादव से सवाल जवाब करने के बाद 500 रुपये का जुर्माना वसूल किया।
ड्रेस कोड को लेकर जिले के किसी भी कार्यालय में हुई पहली कार्रवाई से अन्य विभागों के कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई है। डीएम चंद्रपाल सिंह ने बताया शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।