थाना क्षेत्र में शनिवार शाम को हुए सड़क हादसे में घायल अधेड़ की सैफई ले जाते समय मौत हो गई। तो बाईपास पर बाइक साइकिल की भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। थाना घिरोर क्षेत्र में कार पलटने से दंपति सहित चार लोग घायल हो गए।
गांव परमकुटी निवासी मोहनलाल (51)शनिवार शाम गांव के बाहर सीएचसी के पास खड़ा हुआ था। तभी गांव से आ रही बाइक की चपेट में आकर घायल हो गए। परिवारीजन और ग्रामीणों ने घायल को भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने सैफई रेफर किया। एंबुलेंस से सैफई ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। आगरा बाईपास मार्ग पर थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव बदनपुर का रहने वाला सिंटी साथी अवनीश के साथ रविवार दोपहर करीब 1.20 बजे गांव लौट रहे थे। तभी आगरा बाईपास मार्ग पर नेहरू स्टेडियम के सामने बाइक साइकिल से टकरा गई। हादसे में सिंटी, अवनीश और साइकिल से घर लौट रहा अनमोल निवासी आगरा बाईपास रोड गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना घिरोर क्षेत्र में शिकोहाबाद के एटा रोड निवासी राजीव यादव मैनपुरी से कार से पत्नी सोनल, पुत्री रेनू, पुत्र राजू के साथ जसराना होते हुए शिकोहाबाद जा रहे थे। जब कुसियारी बंबा के पास पहुंचे तभी सामने से आए ट्रक को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई। कार सवारों को चोट आई। ग्रामीणों ने कार को गड्ढे से बाहर निकाला।