मैनपुरी। कृषि फीडरों के सोलराइजेशन के लिए प्रधानमंत्री कुसुम योजना-सी 2 लागू की गई है। योजना के तहत जनपद के आठ बिजली घरों के कृषि फीडरों के सोलराइजेशन को हरी झंडी मिल गई है। सिविल लाइन ग्रामीण, मंछना, बरनाहल, लखौरा, औंछा, ओंग, चौराईपुर और मोटा बिजलीघर के कृषि फीडरों का सोलराइजेशन किया जाएगा।
पीएम कुसुम योजना-सी2 ऊर्जा आत्मनिर्भरता और किसानों की आय वृद्धि की दिशा में प्रभावी पहल बनकर उभर रही है। योजना का उद्देश्य किसानों को सौर ऊर्जा के माध्यम से निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है। इससे डीजल और परंपरागत बिजली पर निर्भरता कम होगी और दिन में निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
योजना के तहत बिजली घर सिविल लाइन ग्रामीण में 5.9, मंछना में 5.5, बरनाहल में 3.3, लखौरा में 3.2, औंछा में 2.2, ओंग में 2.4, चौराईपुर में 2.2 और मोटा में 4.2 मेगा वाट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित कराए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से भूमि उपलब्ध कराने के लिए प्रक्रिया को पूरा कराया जाएगा।