कुसमरा। चौकी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर को हविलिया गांव में बकरी चराने गई 10 वर्षीय बालिका नहर में डूब गई। हादसा पैर फिसलने की वजह से हुआ। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोर बच्ची की तलाश कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक बच्ची का पता नहीं लग सका था। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव हविलिया निवासी इब्राहिम की 10 वर्षीय पुत्री आसना खान मंगलवार दोपहर अन्य बच्चों के साथ गांव के पास से गुजर रही नहर किनारे बकरियां चरा रही थी। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी। नहर के तेज बहाव ने पल भर में ही आसना नजरों से ओझल हो गई। साथ मौजूद बच्चों ने जब यह नजारा देखा तो घबरा गए। शोर मचाते हुए भागे और ग्रामीणों को जानकारी दी।
हादसे की खबर फैलते ही आसना के परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। कुसमरा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बिना देर किए स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में बच्ची की तलाश शुरू करा दी गई। पुलिस और ग्रामीण लगातार नहर के आस-पास के इलाकों में बच्ची की तलाश कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सफलता हाथ नहीं लगी। संवाद