मैनपुरी के बिधूना गांव स्थित मार्कंडेय ऋषि आश्रम के मेले में चर्म रोग से मुक्ति की कामना को लेकर श्रद्धालु पीपल के पेड़ की परिक्रमा कर रहे हैं। यहां लोग चर्म रोग से मुक्ति की कामना लेकर पीपल के पेड़ पर सात तरह के अनाज चढ़ाते हैं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
मैनपुरी के घिरोर क्षेत्र के बिधूना गांव स्थित मार्कंडेय ऋषि आश्रम पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले मेले में जहां हजारों श्रद्धालु कुंड में स्नान कर भगवान से मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना कर रहे हैं, वहीं मेले में एक अनोखी परंपरा भी निभाई जा रही है। इस परंपरा को निभाने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष गांव के टीले पर स्थित पीपल के पेड़ के पास पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन
बताया जाता है कि मेले के दौरान यहां 10 रुपये में छोटे कुल्हड़ में सात तरह के अनाज भरकर बेचे जाते हैं। श्रद्धालु इन अनाजों को खरीदकर गांव के टीले पर स्थित पीपल के पेड़ पर फेंकते हैं और उसकी परिक्रमा करते हैं। स्थानीय मान्यता के अनुसार, जिन परिवारों में चर्म रोग की समस्या होती है, उनके सदस्य इस परंपरा को निभाने यहां पहुंचते हैं। लोगों का विश्वास है कि ऐसा करने से परिवार को चेचक, कोढ़, खाज और खुजली जैसी समस्याओं से मुक्ति मिलती है।
पीपल के पेड़ पर यह परंपरा निभाने पहुंचीं कई महिलाओं और पुरुषों ने बताया कि उनके परिचितों और जानने वालों के परिवारों में चर्म रोग की समस्या रही है। इस परंपरा के बारे में जानकारी मिलने पर वे अपने परिवार के सदस्यों को इन समस्याओं से निजात दिलाने की कामना लेकर यहां पहुंचे हैं।