सपा ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में दोबारा बहुमत के साथ प्रदेश में
सरकार बनाने के लिए कवायद शुरू कर दी है। पार्टी सात फरवरी से एक पखवाड़े
तक ब्लाक स्तर पर सक्रिय जनसंपर्क के साथ सभाओं का आयोजन करेगी। ताकि
कार्यकर्ताओं में फैल रही सुस्ती को दूर कर सकें।
गुरुवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित जिला कार्यकारिणी की बैठक में सांसद तेज प्रताप यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के जरिए जनता यह तौलेगी कि प्रदेश सरकार ने जनता से जो वायदे किए और केंद्र सरकार ने जो जनता को सब्जबाग दिखाए थे उनमें से किसका काम बेहतर रहा। प्रदेश सरकार समाजवादी पेंशन योजना और कौशल विकास योजनाओं समेत अनेक योजनाओं के जरिए लोगों को जो राहत देने का काम कर रही है उनके प्रचार-प्रसार के जरिए हमें लोगों को पार्टी से जोड़े रखना है। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि वह पार्टी एवं सरकार की छवि के प्रति विशेष सतर्क रहें। ऐसे लोगों की मदद न करें जो सरकार की छवि को धूमिल करने का काम करते है।
राज्यमंत्री आलोक शाक्य ने कहा कि भोगांव विधानसभा क्षेत्र की एक अलग से बैठक बुलाकर उसमें क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति परिस्थिति पर गंभीरता से विचार किया जाए ताकि उन कमियों को समय रहते दूर कर लिया जाए जिनसे पार्टी पिछले चुनाव में अन्य क्षेत्रों के मुकाबले पिछड़ गई थी। विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि पार्टी में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अपने ही विधायकों का विरोध करते हैं। उन्हें चिन्हित कर अनुशासन में रहने की चेतावनी दी जाए।
जिलाध्यक्ष खुमान सिंह वर्मा ने कहा कि संगठन को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए सात फरवरी से शुरू हो रहे जनसंपर्क अभियान में सभी को जुटना होगा। बैठक में विधायक सोबरन सिंह यादव, ब्रजेश कठेरिया, जयसिंह कश्यप, प्रोफेसर केसी यादव, सुखवीर सिंह यादव, देवेंद्र सिंह यादव, रामबरन यादव, चंद्रशेखर आदि मौजूद रहे।