उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में निकाय चुनाव 2023 में चुने गए नगर पालिका मैनपुरी तथा नगर पंचायत बेवर के चेयरमैन पद की दोबारा मतगणना कराने के लिए एक जुलाई को बहस होगी। पराजित प्रत्याशी नगर पालिका की सुमन वर्मा तथा नगर पंचायत बेवर के अरुण दीक्षित उर्फ अन्नू की याचिकाओं पर जिला जज सुधीर कुमार के न्यायालय में सुनवाई की जा रही है। पीडि़त दोनों पक्षों ने न्यायालय में लिखित साक्ष्य जमा कर दिए हैं।
नगर पालिका मैनपुरी के अध्यक्ष पद की मतगणना 13 मई 2023 ब्लॉक मैनपुरी मुख्यालय पर हुई थी। देर रात तक चली मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी/एसडीएम सदर नवोदिता शर्मा ने भाजपा की संगीता गुप्ता को जीता हुआ घोषित करके प्रमाण-पत्र दे दिया था। सपा की सुमन वर्मा को दूसरे स्थान पर बताया गया था।
नगर पंचायत बेवर की नेशनल महाविद्यालय भोगांव में हुई मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया गया। चेयरमैन पद के सपा प्रत्याशी अरुण दीक्षित उर्फ अन्नू को पराजित घोषित करके निर्वाचन अधिकारी/समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार ने भाजपा प्रत्याशी सरितकांत भाटिया को जीत का प्रमाणपत्र दे दिया।
सुमन वर्मा तथा अरुण दीक्षित ने मतगणना में धांधली के आरोप लगाकर दोबारा मतगणना कराने की याचिका जिला जज के न्यायालय में दायर की है। पीडि़तों द्वारा दायर की गई याचिकाओं में लिखित साक्ष्य जमा कर दिए हैं। दोबारा मतगणना कराने के लिए एक जुलाई को बहस होगी। प्रशासन द्वारा इन याचिकाओं में जिला जज के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए शासकीय अधिवक्ता को जिम्मेदारी सौंपी है।