थाना करहल क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में वृद्ध सहित दो लोगों की मौत हो गई। युवक की मौत पर आक्रोशित ग्रामीणों और परिवारीजनों ने मैनपुरी-करहल मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के समझाने पर आधा घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। बुधवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना करहल क्षेत्र के ग्राम रतिभानपुर निवासी मुनीश्वर सिंह सिकरवार (52) मंगलवार को मैनपुरी मंडी में धान बेचकर रात को अपने गांव लौट रहे थे। जब वह अपने वाहन से मैनपुरी करहल मार्ग पर रतिभानपुर के समीप पहुंचे तभी पीछे से आई बोलेरो ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में मुनीश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बुधवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। उधर, थाना करहल क्षेत्र के ग्राम डबरा रतिभानपुर निवासी अंशुल उर्फ शीतल (18) पुत्र जदुनाथ सिंह मंगलवार की रात आठ बजे के लगभग साइकिल से गांव जा रहे थे। रतिभानपुर के समीप बाइक सवार ने टक्कर मार दी। अंशुल की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों और परिवारीजनों ने मैनपुरी-करहल मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस के पहुंचने पर आधा घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने बुधवार को अंशुल के शव का पोस्टमार्टम कराया है।