थाना पुलिस ने शनिवार देर रात एक गांव में छापेमार कार्रवाई कर हरियाणा से तस्करी कर लाई गई लाखों की शराब जब्त की है। छापामार कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक तो पुलिस की पकड़ में आ गया, मगर शराब उतार रहे कई लोग वहां से भाग गए। पुलिस शराब को ट्रक समेत थाने ले गई। वहां ट्रक चालक से पूछताछ कर रही है।
थाना औंछा क्षेत्र के ग्राम फतेपुरा में हरियाणा से तस्करी कर लाई गई करीब 468 पेटी देशी और अंग्रेजी शराब को थानाध्यक्ष ने देर रात 12 बजे छापामार कार्रवाई कर जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में कई तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से चार बाइकें भी बरामद की हैं। एक स्कार्पियो को भी पुलिस ने घटनास्थल से बरामद किया है। पुलिस ने जिस ट्रक में शराब बरामद की है उस ट्रक में एक टैंक रखा गया था। इसमें हरियाणा की देशी और अंग्रेजी की 468 पेटियां भरी हुई थीं। इसके बाद पुलिस ट्रक और चालक को थाने ले गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम धर्मेश निवासी नगला मऊ थाना जैतपुर आगरा बताया। चालक ने बताया कि उसे कहा गया था कि ग्राम फतेपुरा निवासी सुखवीर के यहां शराब को उतारना है। इससे ज्यादा उसे कुछ नहीं पता। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़ी गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख से अधिक है। एएसपी दिगंबर कुशवाह ने कहा कि चालक से पूछताछ कर भागे अन्य तस्करों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
श्रेय लेने को वायरल किया फोटो
दन्नाहार। थाना पुलिस ने शनिवार देर रात कार्रवाई कर हरियाणा से तस्करी कर लाई शराब को छापेमारी कर पकड़ लिया। चर्चा है कि दन्नाहार एसओ की इस कार्रवाई की जानकारी होते ही श्रेय लेने के लिए बिना समय गंवाए सीओ सिटी शैलेंद्र लाल घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में बरामद शराब के साथ फोटो सोशल मीडिया के एक ग्रुप पर वायरल कर भी कर दिया।