बजाजा बाजार में रविवार देर रात एक समुदाय के बालक को दूसरे समुदाय के दुकानदार ने पीट दिया। इसके दोनों पक्ष के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई। समुदाय विशेष के लोगों का आरोप है कि दुकानदार और उसके परिवारीजनों ने उनको पीटा। वहीं दुकानदार का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी दुकान में घुसकर मारपीट की। सोने का लाकेट और अन्य सामान लूट लिया। देर रात खबर लिखे जाने तक थाने में हंगामा चल रहा था। किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी गई थी। जबकि पुलिस ने समुदाय विशेष के एक युवक को हिरासत में ले लिया था।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छपट्टी निवासी रिंकू की बजाजा बाजार में कपड़े की दुकान है। रविवार रात को संजू का पुत्र नवाजिस (10) अशोक गुप्ता निवासी की इलैक्ट्रिकल आइटम की दुकान के सामने से गुजर कर श्याम भवन स्थित एक चाय की दुकान पर जा रहा था। तभी अशोक गुप्ता के लाइट की दुकान से एक गत्ते का टुकड़ा उस पर आ गिरा। रिंकू ने बताया कि बच्चे ने खेल में ही गत्ते के टुकडे़ को वापस दुकान में फेंक दिया। इसी बात को लेकर अशोक और उनके पुत्र बीटू ने उसके साथ मारपीट कर दी। बच्चे ने दुकान पर जाकर पिता रिंकू को जानकारी दी। रिंकू के अनुसार वह जब मामले की जानकारी करने अशोक गुप्ता की दुकान पर पहुंचा तो उन लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी।
वहीं दुकानदार अशोक गुप्ता और उनके बेटे बीटू का कहना है कि रिंकू का पुत्र कुछ सामान वापस करने आया था। उन्होंने सामान वापस लेने से मना कर दिया। इसके बाद रिंकू अपने 10-15 अन्य साथियों के साथ आया और दुकान में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। यही नहीं इस दौरान बीटू के गले में पड़ा सोने का लाकेट भी लूट लिया। विवाद की जानकारी मिलते ही पुलिस और भाजपा समेत अन्य हिंदूवादी संगठनों के नेता मौके पर पहुंच गए। देर रात तक हंगामा चल रहा था। पुलिस ने समुदाय विशेष के एक युवक को हिरासत में ले लिया था। इस संबंध में एसओ दिवाकर सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों को समझाने का कार्य चल रहा है। किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।