किशनी। बेखौफ चोरों ने रविवार रात कस्बे में लगे एटीएम को निशाना बनाया। चोरों ने एटीएम की मेन लाइन के तार काटकर सीसीटीवी कैमरे से भी कनेशन काट दिया। इसके बाद कैश वोल्ट को दो जगह से काटने की कोशिश की। कैश वोल्ट न काट पाने पर चोर भाग गए।
प्राइवेट बस स्टैंड पर अशोक यादव की दुकानों में एक माह पूर्व एटीएम लगाया गया था। चोरों ने बीती रात टाटा इंडीकैश के एटीएम पर पहुंचकर मेन लाइन के तार काट डाले। इसके बाद एटीएम में लगे सीसी टीवी कैमरे और इन्वर्टर के तार निकाल दिए। कैश वोल्ट को इलेक्ट्रानिक मशीन से काटना शुरू कर दिया। कैश वोल्ट को दो जगह से काटने के बाद भी चोर कैश तक पहुंचने में असफल रहे। सुबह सूचना पाकर पहुंचे अशोक यादव ने टाटा इंडीकैश के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। सोमवार दोपहर बाद टाटा इंडीकैश के सीएमएस प्रदीप कुमार व रमेश कुमार ने आकर एटीएम देखा। प्रदीप कुमार ने पूरे एटीएम की जांच करने के बाद बताया कि एटीएम में कुल 4.48800 लाख कैश था। यह कैश सुरक्षित है। लोगों ने गार्ड रखने की बात अधिकारियों से कही है।