बरनाहल। थाना क्षेत्र में छात्रा के साथ दुष्कर्म के गांव के ही रहने वाले आरोपी को पुलिस दूसरे दिन भी गिरफ्तार नहीं कर सकी। वहीं छात्रा को परिवारीजनों ने उपचार के लिए सैफई अस्पताल में भर्ती कराया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि छात्रा की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि थाने में पुलिस ने मामला छेड़छाड़ की धाराओं में दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक 14 वर्षीय किशोरी सोमवार को विद्यालय से लौट रही थी। शाम पांच बजे के लगभग गांव के जूनियर हाईस्कूल के समीप गांव निवासी एक युवक ने छात्रा को हाथ पकड़ कर विद्यालय में खींच लिया। परिवारीजनों के अनुसार वहां छात्रा से आरोपी ने दुष्कर्म किया। हालांकि किशोरी ने सीओ और थाना पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरोपी ने उससे सिर्फ छेडख़ानी की। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल मंगलवार को जिला महिला अस्पताल में कराया था। वहां से परिवारीजन उसे सैफई अस्पताल ले गए। पुलिस का कहना है कि अभी तक जिला महिला अस्पताल से मेडिकल रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट आने के बाद सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।