मैनपुरी। थाना कोतवाली क्षेत्र में ससुराल से ले जाकर एक युवक की हत्या करने के बाद चेहरे को किसी चीज से कुचलकर बिगाड़ दिया। जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर युवक की पहचान हुई। युवक के पिता ने तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम कीरतपुर निवासी अंशुल उर्फ रामू (30) पुत्र कौशलेंद्र सिंह चौहान की ससुराल मोहल्ला भरतवाल में है। कौशलेंद्र के अनुसार अंशुल काफी समय से पत्नी शिवानी के साथ मोहल्ला भरतवाल में ससुराल में ही रहता था। अंशुल प्राइवेट गाड़ी चलाते थे। शुक्रवार की रात अंशुल अपने तीन दोस्तों के साथ घर पर आए। घर पर मीट बनाने के लिए पत्नी शिवानी से कहा। शिवानी ने मना किया तो कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला रते निवासी संजय उर्फ भूरा, थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम टिंडौली निवासी चीतू उर्फ जीतू तथा एक अज्ञात होटल पर खाने की बात कहकर अंशुल को अपने साथ ले गए। सुबह अंशुल का शव रमईहार के समीप ईशन नदी पुल के पास पड़ा होने की जानकारी मिली। चेहरे को विकृत किया गया था। जेब में मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर पहचान हुई। पुलिस ने कौशलेंद्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
अंशुल की पत्नी शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल था। शिवानी का कहना था कि बिना अंशुल के वह अपने पांच वर्षीय पुत्र यश और चार वर्षीय पुत्री ऐश्वर्या का पालन पोषण कैसे करेगी।