शुक्रवार की शाम कुरावली-घिरोर मार्ग स्थित ग्राम सोनई में एसडीएम सदर के आश्वासन पर रात 12:30 बजे लोगों ने जाम खोला। उल्लेखनीय है कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद वहां पर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया था। वहीं मृतक के पिता ने शनिवार को ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव महलोई से शुक्रवार की शाम दावत खाकर लौटते बाइक सवार दो युवकों को समय ट्रक चालक ने रौंद दिया। इससे बाइक चालक ओमेंद्र पुत्र गजाधर निवासी गांव मिर्जापुर थाना बागवाला जनपद एटा की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा युवक कालीचरन गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक ट्रक मौके पर छोड़ कर भाग गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। ग्रामीण सोनई में स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग करने लगे। रात 12:30 बजे एसडीएम गजेंद्र कुमार के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खेाला। घटना की रिपोर्ट मृतक पिता गजाधर ने थाने में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ दर्ज कराई है। वहीं शनिवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।