सोमवार सुबह थाना पुलिस ने गैर प्रांत की शराब लादकर जा रहे ट्रक को पीछा करने के बाद पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ट्रक में लाखों रुपये कीमत की शराब बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान ट्रक में सवार दो तस्कर पुलिस को चकमा देकर भाग गए। बरामद शराब की कीमत करीब 13 लाख बताई गई है।
सोमवार की सुबह करीब चार बजे थानाध्यक्ष चितायन क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। तभी कटरा समान मार्ग की ओर से पुलिस को ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस के रोकने पर चालक तेजी से ट्रक को गांव नैगवा मार्ग की ओर लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर स्थित एक भट्ठे के समीप थानाध्यक्ष ने ट्रक ओवरटेक कर जीप को आगे लगा दिया। ट्रक रुकते ही चालक और उसमें बैठा एक अन्य साथी कूदकर भाग गए। पुलिसकर्मियों ने काफी दूर तक उनका पीछा भी किया लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़ सके। तलाशी के दौरान ट्रक में अरुणाचल प्रदेश की देशी शराब की 460 पेटी बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत करीब 13 लाख बताई गई है।