कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड पर रविवार सुबह बेखौफ नकाबपोश बदमाशों ने एटीएम तोड़कर कैश चोरी करने की कोशिश की। लेकिन नाकाम रहे। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। डॉग स्क्वाड की मदद से बदमाशों की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। फोरेंसिक टीम ने एटीएम से फिंगर प्रिंट लिए। बैंक प्रबंधक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के स्टेशन रोड स्थित आईडीबीआई बैंक शाखा के एटीएम में रविवार सुबह घुसे चार नकाबपोश बदमाशों ने एटीएम को तोड़कर कैश चोरी करने की कोशिश की। बदमाशों ने कटर से एटीएम के लॉक को काटने की कोशिश भी की, लेकिन वे नाकाम रहे। इसके बाद बदमाश वहां लगे कैमरों को क्षतिग्रस्त कर भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियाें के मुताबिक बदमाश एक स्कार्पियो गाड़ी से आए थे और उस पर एक पार्टी का झंडा लगा हुआ था। तड़के हुई इस घटना की सूचना मिलते ही बैंक अधिकारी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचे एएसपी दिगंबर कुशवाह ने बैंक प्रबंधक से जानकारी ली। वहां तैनात गार्ड से भी जानकारी में कुछ खास जानकारी नहीं मिल सकी। सभी बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। बैंक प्रबंधक दीपक यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
वहीं कोतवाली प्रभारी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में कैश चोरी की कोशिश करने वाले बदमाश कैद हो चुके हैं। जल्द ही बदमाशों को पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।