थाना एलाऊ क्षेत्र में रविवार शाम को बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई डग्गामार बस खड्ढ में पलट गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बस में सवार करीब 25 से अधिक सवारियां चोटिल हो गई। हादसे के बाद लोगों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पूर्व में भी डग्गामार वाहनों से हादसे होते रहे हैं।
रविवार शाम को कुर्रा से मैनपुरी आ रही डग्गामार बस जैसे ही थाना एलाऊ क्षेत्र के भांवत पुल के पास पहुंची तभी सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई। बाइक को टक्कर मारते हुए डग्गामार पुल के समीप खड्ढ में पलट गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में बाइक सवार अजय गुप्ता निवासी भरतना गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे थाना पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बस में सवार दयाराम निवासी गांव गडडा थाना भोगांव, कामता प्रसाद निवासी रसूलाबाद भोगांव समेत करीब 25 लोग चोटिल हो गए। पूर्व में भी डग्गामार बसों से हादसे होते रहे हैं।
बस डग्गामार है या नहीं इसकी जानकारी की जा रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- शिष्यपाल सिंह, सीओ सिटी