बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में आबकारी विभाग व पांच थानों की पुलिस समेत एक प्लाटून पीएसी ने ग्राम घुटारा में छापेमारी की। इस दौरान घरों और खेतों में चल रही अवैध कच्ची शराब की भट्ठियों को तोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान 220 लीटर तैयार शराब और 49 ड्रम लगभग 15 हजार लीटर लहन को नष्ट किया। कई जगह तो जमीन में लहन का भंडारण मिला। इसे नष्ट किया गया।
ग्राम घुटारा में छापामार कार्रवाई के दौरान गांव के ही प्रदीप, आलोक, कुलदीप, विपिन, राना, जयपाल, नेपाल, प्रेमपाल, बालेश्वर, शंकर के घरों और अन्य ठिकानों पर शराब का धंधा चल रहा था। पुलिस के गांव पहुंचने से पूर्व ही अवैध शराब कारोबारी मौके से भाग चुके थे। गांव में खेतों पर लगे ट्यूबवेल की कोठरियों और मक्का के खेतों में भारी मात्रा में लहन और शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाह समेत पुलिस की टीमों में शराब बनाने के ठिकानों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया।