मैनपुरी। पावर हाउस रोड पर सुबह कोचिंग से पढ़कर घर लौट रही युवती के साथ तीन युवकों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने विरोध किया तो तीनों युवकों ने उसे जबरन कार में डालने का प्रयास भी किया। युवकों की गलत मंशा को देख युवती चीखने लगी। चीख सुनकर परिवार के लोग आसपास के लोगों के आने पर तीनों युवक कार छोड़कर भाग गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला सोमवार को सुबह 8:30 बजे का है। कोतवाली क्षेत्र के पावर हाउस रोड निवासी युवती हरिदर्शन नगर क्षेत्र से कोचिंग पढ़कर घर लौट रही थी। युवती जब घर के नजदीक पहुंची तभी पीछे से आई एक कार ने युवती को रोक लिया और कार से उतरे तीन युवकों ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवकों की हरकत देखकर युवती ने जब विरोध शुरू किया तो तीनों युवक उसे कार में डालने लगे। युवकों द्वारा जबरन कार में डालने का प्रयास करते देख युवती जोर-जोर से चिल्लाने लगी। युवती की आवाज सुनकर परिवार और मोहल्ले के लोग कार की ओर दौड़े। लोगों को आता देख तीनों युवक कार को छोड़कर पावर हाउस की ओर भाग गए।
सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आल्टो कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने युवती और उसके पिता से युवकों के संबंध में जानकारी भी जुटाई। बाद में युवती के पिता ने कोतवाली में ओंडेंण्य पड़रिया निवासी विनय कुमार और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। छेड़खानी और अपहरण के प्रयास की धाराओं के तहत पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार के स्वामी और युवकों की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि युवकों के संबंध में जानकारी मिली है। जल्द ही तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।