कस्बा के जीटी रोड बाईपास पर गायों को पकड़ रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने जमकर पीटा। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। साथी दो युवक मौके से भागने में सफल रहे।
थाना क्षेत्र बेवर के अंतर्गत प्रतिदिन नगर में घूमती गायों की चोरी से परेशान लोगों ने गुरुवार सुबह आठ बजे तीन युवकों को घूमते हुए देखा। युवक मोहल्ले में घूम रही गाय को ले जाने का प्रयास कर रहे थे। तभी स्थानीय लोगों ने उनसे पूछा कि ये गाय कहां ले जा रहे हो तो दो युवक मौके से भाग गए। एक को लोगों ने पकड़ लिया और बुरी तरह से धुनाई कर दी बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मोहल्ले वालों ने बताया कि पिछले दिनों में मोहल्ले में घूमती तीन गाय लापता हो चुकी हैं। पूछताछ में पकडे़ गए युवक ने अपना नाम लोकेश यादव निवासी नगला केहरी थाना बेवर बताया है। उसने भागे हुए युवकों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।